Travel Tips: जानिए भारत के हैदराबाद से लेकर मुंबई तक के सबसे खूबसूरत स्नो पार्क्स के बारे में!
Sun, 8 May 2022

गर्मी के दिनों में हम सभी का मन किसी ठंडी जगह पर जाने का करता है। जहां जाकर कुछ समय की राहत मिले। ऐसे में अगर किसी ऐसी जगह जाने को मिले जहां बर्फबारी हो रही हो, तो मजा ही आ जाए। बता दें कि ऐसा मुमकिन है, आप चिलचिलाती गर्मियों के मौसम में अपने शहर के करीब बर्फबारी का मजा उठा सकते हैं। आज के इस आर्टिकल में हम आपको भारत के सबसे खूबसूरत स्नो पार्क्स के बारे में बताएंगे, जहां मई-जून की गर्मी में भी आपको ठंडेपन का अहसास मिलेगा। यहां पहुंचकर आप अपनी फैमिली के साथ एक अच्छा वक्त बिता सकते हैं। दरअसल हम यहां असल बर्फबारी की बात नहीं कर रहें, गर्मी से राहत दिलाने के लिए कई बड़े शहरों में आर्टिफिशियल स्नो पार्क तैयार किए गए हैं, जहां जाकर आप बर्फीले मौसम का मजा उठा सकते हैं। इस लेख के माध्यम से आपको बताएंगे भारत के फेमस इंडोर स्नो पार्क्स के बारे में ।
* स्नो वर्ल्ड , मुंबई :

यह मुंबई शहर का सबसे पुराना स्नो पार्क है। इस पार्क का तापमान हर समय शून्य से दस डिग्री के आसपास होता है। बता दें कि यह स्नो पार्क के कुर्ला वेस्ट फिनिक्स मार्केट सिटी में स्थित है। बता दें कि यहां पहुंचकर आप ढेर सारी मस्ती कर सकते हैं। अन्य स्नो पार्क्स की तरह यहां पर भी आपको टिकट खरीदना पड़ता है, जिसके साथ पार्के की तरफ से आपको जैकेट, स्नो शूज और दस्ताने दिए जाते हैं। स्नो वर्ल्ड मुंबई में स्नो थीम पर आधारित कई गेम भी हैं, जहां जाकर आप स्लाइडिंग, आइस स्केटिंग, आइस स्लेजिंग जैसी फन एक्टिविटी कर सकते हैं।
* स्नो वर्ल्ड, बेंगलुरू :
अगर आप बेंगलुरु घूमने जाने वाले हैं, तो आप अपनी लिस्ट में बैंगलुरू के इस स्नो वर्ल्ड को भी शामिल कर सकती हैं। बता दें कि यहां का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहता है। इसे भारत के सबसे बेहतरीन स्नो पार्क्स में से एक माना जाता है। बता दें कि यहां पर आने वाले लोगों के लिए स्नो डांस फ्लोर, आइस स्लाइड, स्नो रॉक क्लाइम्बिंग और टोबोगन राइड्स जैसी एक्टिविटी करने को मिलती हैं। इसके अलावा गर्मी के मौसम में राहत पाने के लिए यह स्नो पार्क एक अच्छा ऑप्शन है।
* द स्नो वर्ल्ड, हैदराबाद :

अगर आप हैदराबाद शहर के आसपास रहते हैं, तो आप वहां पर स्थित द स्नो वर्ल्ड घूमने के लिए जा सकते हैं। बता दें कि यह खूबसूरत स्नो पार्क करीब 17,000 वर्ग मीटर में फैला हुआ है, जिस वजह से इसे देश का बड़ा स्नो पार्क कहा जाता है। यहां बेहतरीन टेक्नोलॉजी की मदद से बर्फ का उत्पादन किया जाता है। स्नो वर्ल्ड हैदराबाद में आपके लिए स्नो वॉलीबॉल, स्नो डांसिंग, स्नो बास्केटबॉल और स्नो स्कल्पचर जैसे कई एक्साइटिंग गेम्स और स्पोर्ट एंजॉय करने को मिलते हैं। इस पार्क की तकनीक इतनी एडवांस है कि लोग यहां बर्फ के होटल में घूमने जा सकते है, साथ ही आर्टिफिशियल बर्फीले रास्तों पर ट्रैकिंग भी कर सकते हैं। यह हर मौसम में खुला रहता है, ऐसे में आप यहां कभी भी बर्फीले मौसम का मजा लेने जा सकते हैं।
* स्नो पार्क, कोलकाता :
कोलकाता शहर के आसपास रहने वालों के लिए भी स्नो पार्क मौजूद है। अगर आप इस मौसम में कोलकाता घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो आप स्नो पार्क को भी अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। बता दें कि यहां पर मौजूद स्नो पार्क को करीब 9,000 वर्ग फुट में तैयार किया गया है, जो कि कोलकाता के राजारहाट के न्यू टाउन एक्सिस मॉल की बनाया गया है। यहां पर आपको स्नो राइड, स्नो फुटबॉल और स्नो डिस्को जैसी इंटरेस्टिंग चीजें देखने को मिलती हैं। चाहे बड़े हों या फिर बच्चे, यहां पर सभी के एंजॉयमेंट की बेहतरीन व्यवस्था होती है।